भारतीय रेलवे ने भीड़ कम करने के लिए सामान्य थर्ड एसी कोच की जगह थर्ड एसी इकोनॉमी (3ई) कोच लगाने शुरू किए थे। इन कोच में 72 की जगह 83 बर्थ होती हैं, यानी करीब 15 प्रतिशत अधिक यात्री सफर कर सकते हैं। इकोनॉमी कोच का किराया भी सामान्य थर्ड एसी से करीब 8 प्रतिशत कम रखा गया है। इसके बावजूद त्योहार और शादी के सीजन में भोपाल से यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रही है।

भोपाल से गोरखपुर, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग मिल रही है। कई ट्रेनों में बुकिंग के दौरान सीट उपलब्ध न होने की स्थिति बन रही है। 21 नवंबर के लिए ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति के अनुसार गोरखपुर रूट की एक स्पेशल ट्रेन में स्लीपर की वेटिंग 222 तक पहुंच गई, जबकि एसी-3 में 39 रही। पुणे हमसफर में एसी-3 की वेटिंग 163 और स्लीपर की 49 दर्ज की गई।

बेंगलुरु रूट पर एसी-3 में 40 और स्लीपर में 46 वेटिंग रही। हैदराबाद रूट पर दोनों श्रेणियों में क्रमश 42 और 91 वेटिंग दर्ज की गई। मुंबई रूट पर एसी-3 की वेटिंग 41 रही और स्लीपर में टिकट उपलब्ध न होने के कारण रिग्रेट की स्थिति रही।

जोनल रेल उपयोगकर्ता व सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश अवस्थी के अनुसार इकोनॉमी कोच से प्रति कोच बर्थ तो बढ़ी हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और त्योहार व शादी के सीजन में दबाव अधिक रहता है। उन्होंने सुझाव दिया कि रेलवे को अतिरिक्त कोच लगाने के साथ यात्री संख्या और रूट की मांग का आकलन कर नई और स्पेशल ट्रेनें चलानी चाहिए, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सके।