अयोध्या के अमानीगंज ब्लाक स्थित कोटिया गांव निवासी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी के शोधार्थी सुनील कुमार मौर्य को अमृतसर की इंडियन एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स द्वारा आयोजित 91वीं अखिल भारतीय कला प्रदर्शनी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। समारोह में उन्हें पद्मश्री प्रोफेसर विमान बिहारी दास अकादमी के अध्यक्ष एस. शिवदेव सिंह और महासचिव डा. परमिंदर सिंह ग्रोवर ने सोमवार को मेडल, सर्टिफिकेट और पुरस्कार धनराशि देकर सम्मानित किया।

प्रदर्शनी के लिए सुनील की तीन कलाकृतियां चयनित हुई थीं, जिनमें ‘ए सेलिब्रेशन आफ लाइफ एमिड्स्ट डेथ’ शीर्षक फोटोग्राफी को पुरस्कार मिला। वह उत्तर प्रदेश से अकेले प्रतिभागी रहे, जिन्हें उत्कृष्ट कलाकृति के लिए सम्मानित किया गया।

सुनील इससे पहले भी कला और फोटोग्राफी के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी पुरस्कार मिला है और गोरखपुर स्थित राजकीय बौद्ध संग्रहालय में आयोजित अखिल भारतीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने उन्हें प्रथम पुरस्कार प्रदान किया था। वर्ष 2024 में उनका नाम वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हुआ था। वह वर्तमान में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से चित्रकला विषय में शोध कर रहे हैं।

उनकी कला और फोटोग्राफी में बनारस की सांस्कृतिक परंपराओं, जीवन-दर्शन तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों की गहरी अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। इस उपलब्धि से उन्होंने अयोध्या जनपद और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय का मान बढ़ाया है। संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष प्रो. जसमिंदर कौर और उनके शोध निर्देशक प्रो. शांति स्वरूप सिन्हा ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।