कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड के ग्राम संगठन गंगापुर की सदस्य बेगम अफरोज ने पारंपरिक हथकरघा उद्योग से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। वे अपने पति मुस्लिम मिर्जा के साथ दरी और कालीन निर्माण के काम में जुटी हैं। परिवार के सभी सदस्य निर्माण प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में अपनी भूमिका निभाते हैं और साल भर मेहनत से हथकरघा पर विभिन्न प्रकार की दरी और कालीन तैयार करते हैं। ये उत्पाद विभिन्न खुदरा और अन्य बाजारों में बिक्री के लिए भेजे जाते हैं।

इस पारंपरिक व्यवसाय से परिवार प्रतिवर्ष लगभग 8 से 10 लाख रुपये का कारोबार कर रहा है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। आधुनिक मशीनीकरण के दौर में अफरोज के परिवार की यह पहल आर्थिक आत्मनिर्भरता का जरिया बनने के साथ-साथ पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प कला को संरक्षित रखने में भी योगदान दे रही है।

जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने कहा कि स्थानीय हुनर और पारंपरिक कौशल को आजीविका और स्वरोजगार से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके कौशल के अनुरूप आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।

बेगम अफरोज और उनके परिवार की यह सफलता दर्शाती है कि पारिवारिक सहयोग, स्थानीय हुनर और निरंतर मेहनत के बल पर ग्रामीण परिवेश में भी सफल उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। उनकी यह कहानी अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।