देवरिया जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2026-27 के तहत इस साल 2867 लाभार्थियों को आवास का लाभ मिलेगा। परियोजना निदेशक एवं डीडीओ सुशील कुमार सिंह के अनुसार पहले चरण में एक हजार पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये भेजे जाएंगे। योजना के तहत प्रति आवास 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। लाभार्थियों के आधार और बैंक खातों का सत्यापन कराकर विवरण पोर्टल पर फीड किया जा रहा है, और फीडिंग पूरी होते ही राशि खातों में भेज दी जाएगी।

जिले में योजना के तहत कुल 54,697 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से विभागीय सत्यापन में 26,985 आवेदक पात्र पाए गए। हालांकि, चालू वित्तीय वर्ष के लिए शासन से 2867 आवास का ही लक्ष्य मिला है। इस तरह पात्र आवेदकों की तुलना में लक्ष्य काफी कम है और करीब 24,118 पात्र परिवारों को फिलहाल आवास आवंटन का इंतजार करना पड़ेगा।

विकास खंडवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रुद्रपुर में 473, गौरीबाजार में 260, बरहज में 240, बनकटा में 229, भागलपुर में 207, लार में 196, बैतालपुर में 184, सलेमपुर में 181, पथरदेवा में 171, भाटपाररानी में 162, देवरिया सदर में 138, भलुअनी में 127, भटनी में 102, रामपुर कारखाना में 82, तरकुलवा में 79 और देसही देवरिया में 36 आवास का लक्ष्य तय किया गया है।

डीडीओ ने बताया कि वर्ष 2024-25 में राज्य की पुरानी स्थायी पात्रता सूची संतृप्त हो जाने के कारण भारत सरकार से नया आवास लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 कराया गया, और इसी सर्वेक्षण के आधार पर नए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। आवासहीन परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना को पांच वर्ष के लिए विस्तार दिया गया है।