चंडीगढ़ में पिछले एक महीने के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। ज्वेलर राजीव सहदेव के अनुसार, 10 अक्टूबर से 17 नवंबर के बीच 24 कैरेट सोना 15,900 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। 10 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो 17 नवंबर को घटकर 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

इसी अवधि में 22 कैरेट सोना 1,41,900 रुपये से घटकर 1,27,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, यानी इसमें 14,600 रुपये की गिरावट आई। 18 कैरेट सोना 1,17,700 रुपये से घटकर 1,05,600 रुपये और 14 कैरेट सोना 92,900 रुपये से घटकर 83,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। दोनों श्रेणियों में क्रमशः 12,100 और 9,600 रुपये की कमी दर्ज की गई।

चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 10 अक्टूबर को चांदी 230 रुपये प्रति ग्राम बिक रही थी, जो 17 नवंबर को घटकर 176 रुपये प्रति ग्राम रह गई। इस तरह एक महीने में चांदी 54 रुपये प्रति ग्राम सस्ती हुई। चांदी के सिक्के की कीमत भी 2,600 रुपये से घटकर 2,000 रुपये रह गई है।

कीमतों में इस गिरावट से सोना-चांदी खरीदने वाले ग्राहकों को राहत मिली है और खरीदारी में बढ़ोतरी देखी जा रही है।