बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने बिहार बोर्ड सेंटअप परीक्षा 2027 के लिए डेटशीट जारी कर दी है। जो छात्र कक्षा 10वीं और 12वीं की सेंटअप परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वे इस डेटशीट के आधार पर अपनी परीक्षा की तैयारी की योजना बना सकते हैं। समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 10वीं की परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक और कक्षा 12वीं की परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
कक्षा 12वीं की पहली परीक्षा 19 नवंबर यानी कल से शुरू होगी। इस दिन पहली शिफ्ट में भौतिकी, दर्शनशास्त्र और उद्यमिता की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट में राजनीति विज्ञान, लेखाशास्त्र और रसायन विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं की पहली परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी। उस दिन पहली शिफ्ट में मातृभाषा और दूसरी शिफ्ट में द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा होगी।
सेंटअप परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और अपनी डेटशीट के अनुसार तैयारी करें।
