बिहार मंत्रिपरिषद ने भागलपुर के पीरपैंती में प्रस्तावित 2400 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट से बिजली निकासी के लिए अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड को संचरण परियोजनाओं के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी सौंपने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कंपनी यह व्यवस्था 35 वर्षों तक चलाएगी। इसके एवज में उसे सालाना 493.762 करोड़ रुपये संचरण शुल्क मिलेगा, यानी 35 साल में कुल 17,281 करोड़ रुपये।
मंत्रिपरिषद की मंजूरी के तहत पीरपैंती बिजलीघर की तीन इकाइयों से उत्पादित बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए अंतरराज्यीय संचरण परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा। इस काम के लिए टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया अपनाई गई थी। ई-रिवर्स ऑक्शन के बाद अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड सफल निविदादाता के रूप में चुनी गई।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वार्षिक संचरण शुल्क का भुगतान उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनियां करेंगी। हालांकि, इस टैरिफ को विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 63 के तहत बिहार विद्युत विनियामक आयोग से स्वीकृति मिलना आवश्यक होगा।
समझौते की अवधि पूरी होने यानी 35 साल बाद कंपनी द्वारा निर्मित सभी संचरण परिसंपत्तियां बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड को बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के सौंप दी जाएंगी। इससे पीरपैंती बिजलीघर से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए आवश्यक संचरण ढांचा विकसित होगा।
