बिसलेरी ने सोमवार को दावा किया कि उसका मिनरल वाटर करीब 90 कड़े गुणवत्ता परीक्षणों के बाद पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की कार्रवाई ने लगभग 4 अरब डॉलर के पैकेज्ड वाटर उद्योग में नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एफएसएसएआई ने निर्धारित सुरक्षा मानकों पर एक सैंपल खरा न उतरने के बाद रविवार को देश के सबसे चर्चित पैकेज्ड वाटर ब्रांड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। सोमवार को यह जांच बिसलेरी से आगे बढ़ती दिखी और उद्योग की अन्य कंपनियों के उत्पादों की भी जांच और परीक्षण शुरू कर दिए गए।

उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, पैकेज्ड वाटर बाजार में बिसलेरी इंटरनेशनल की अनुमानित 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है, इसलिए इस कार्रवाई का असर पूरे सेक्टर के गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण प्रक्रियाओं और लेबलिंग के तरीकों पर व्यापक रूप से पड़ सकता है। हालांकि, कोका-कोला के किनले, पेप्सिको के एक्वाफिना और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के हिमालयन जैसे प्रमुख ब्रांडों वाले इस बाजार की दीर्घकालिक विकास संभावनाएं अभी भी मजबूत बनी हुई हैं। बढ़ती आबादी, प्रति व्यक्ति खपत में वृद्धि और ब्रांडेड पैकेज्ड वाटर की बढ़ती पहुंच को इसके मुख्य कारण बताया जा रहा है।

एफएमसीजी और टेलीकॉम कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके स्वतंत्र निदेशक लॉयड मथियास का मानना है कि बिसलेरी पर इसका अल्पकालिक असर पड़ सकता है, लेकिन इसका बड़ा नतीजा अधिक जवाबदेह उद्योग और बेहतर उपभोक्ता सुरक्षा के रूप में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि अनुपालन नियमों को सख्त करना एक बहुत पहले से लंबित कदम है और इससे अंततः उपभोक्ताओं को ही फायदा होगा। विशेषज्ञों ने सख्त नियमों और पारदर्शी लेबलिंग की मांग की है, क्योंकि पैकेज्ड वाटर उद्योग अब तक शुद्धता, मिनरल्स की मात्रा और विटामिन या मिनरल मिलाने की परिभाषाओं को लेकर लचीलेपन के साथ काम करता रहा है।

गौरतलब है कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के दायरे से हटाए जाने के बाद नवंबर 2024 में पैकेज्ड वाटर को "हाई-रिस्क फूड" श्रेणी के रूप में एफएसएसएआई के अधीन लाया गया था। एक उद्योग विशेषज्ञ ने कहा कि आमतौर पर इस उद्योग में निगरानी और नियमों का पालन कमजोर रहा है, जिससे घटिया और नकली ब्रांडों को भी बाजार में काम करने का मौका मिल जाता है। कई जानकार इस घटनाक्रम को 2003 की उस घटना जैसा मान रहे हैं, जब सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) द्वारा सॉफ्ट ड्रिंक्स में कीटनाशकों के अवशेष पाए जाने की रिपोर्ट ने खाद्य सुरक्षा मानकों और परीक्षण की व्यापक समीक्षा का रास्ता खोला था।