खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नियमों के गंभीर उल्लंघन के आधार पर पांच न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। प्राधिकरण ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। निलंबित कंपनियों में वेदांत रेमेडीज, लूसिड हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर शामिल हैं।
एफएसएसएआई के अनुसार, जांच में इन कंपनियों की उत्पादन इकाइयों में साफ-सफाई की कमी और जर्जर बुनियादी ढांचे जैसी खामियां सामने आईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। ये कंपनियां स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद बनाती हैं।
इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में भी एफएसएसएआई ने विभिन्न उल्लंघनों के मामलों में छह न्यूट्रास्यूटिकल निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई की थी।
बता दें कि न्यूट्रास्यूटिकल शब्द न्यूट्रिशन (पोषण) और फार्मास्युटिकल (दवा) से मिलकर बना है। ऐसे खाद्य उत्पाद सामान्य पोषण के साथ-साथ बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायक माने जाते हैं।
