क्या कोई टीवी शो सिर्फ आपके लिए बन सकता है? गूगल के एक नए पेटेंट में ऐसा ही आइडिया सामने आया है। अमेरिका में दायर इस पेटेंट का नाम यूजर की पसंद के मुताबिक वीडियो का खास चैनल बनाना है। Google LLC ने इसे 13 मई, 2025 को फाइल किया और यूएस पेटेंट और ट्रेडमार्क ऑफिस ने 19 नवंबर, 2026 को नंबर US 2026/0370899 A1 के तहत पब्लिश किया। पेटेंट अर्जी में गूगल के इंजीनियर अरविंद रेड्डी आयुलुरी और प्रमीला काव्या थुम्मुरू को आविष्कारक बताया गया है।
पेटेंट में 24 घंटे चलने वाले एक AI टीवी चैनल का जिक्र है, जिसे माई चैनल या देखने वाले के नाम पर जैसे जॉन का चैनल नाम दिया जा सकता है। यूट्यूब या नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म पहले से तैयार वीडियो दिखाते हैं, जबकि यह आइडिया इससे आगे जाता है। शो बनाने के लिए AI गूगल के पास मौजूद जानकारी का इस्तेमाल करेगा, जिसमें डेमोग्राफिक डेटा और यूट्यूब से ली जा सकने वाली वॉच हिस्ट्री शामिल है। एक AI मॉडल इस डेटा से ऐसे नए शो तैयार करता है, जो दर्शक की पसंद के स्टाइल, फॉर्मेट और जॉनर के हों। दर्शक को क्राइम-कॉमेडी, रोमांटिक कॉमेडी, साइंस-फिक्शन एडवेंचर या एक्शन थ्रिलर जैसा शो मिल सकता है।
पेटेंट के मुताबिक, यह सिस्टम दर्शक को पूरे वीडियो में मेन कैरेक्टर बना सकता है। फोटो से AI डिजिटल अवतार तैयार करता है और आवाज की नकल करके मेन किरदार के डायलॉग बुलवाता है। पेटेंट में क्रिकेट का उदाहरण भी शामिल है। अगर किसी ने हाल में किसी क्रिकेटर की हाइलाइट्स देखी हैं, तो AI क्रिकेट विश्व कप से जुड़ा खास वीडियो बना सकता है, जिसमें अवतार स्टेडियम में बैठकर भारत का उत्साह बढ़ाते या पसंदीदा प्लेयर से बातचीत करते दिख सकता है।
चूंकि यह गूगल का आइडिया है, इसलिए इसमें विज्ञापनों की भूमिका अहम मानी जा रही है। पेटेंट में ऐड स्टिचर वाले विज्ञापन सर्वर का जिक्र है, जो AI-जनरेटेड शो के स्क्रीन पर चलने से ठीक पहले दर्शक की पसंद के हिसाब से विज्ञापन अपने आप फिट कर देगा। रिपोर्ट के मुताबिक, यह आइडिया तकनीक और मनोरंजन की दुनिया में आ रहे बड़े बदलाव का हिस्सा है। मेटा पहले से ही कंपनियों को AI की मदद से अलग-अलग दर्शकों के हिसाब से विज्ञापनों के अलग वर्जन तैयार करने की सुविधा दे रहा है।
