पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अपने ही कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू की है। पार्टी के एक नेता के मुताबिक, मालदा, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर जैसे जिलों में कार्यकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए हैं और अपनी ही पार्टी के लोगों पर कार्रवाई से भी नहीं हिचक रहे हैं।

मालदा जिला प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि नदी के कटाव से नुकसान झेल चुके लोगों से मुआवजे के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई है या नहीं। एक भाजपा नेता के अनुसार, ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की है। वहीं, दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में कई महिलाओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ता पार्थ साहा ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलने वाले 3000 रुपये में से 1500 रुपये कमीशन मांगा है। इन आरोपों पर पार्थ साहा का कहना है कि उन्होंने किसी पर इसके लिए जबरन दबाव नहीं डाला।

शनिवार को पूर्वी मिदनापुर जिले के भाजपा नेता अभिजीत कर्ण को गिरफ्तार किया गया। उन पर नौकरी और चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर छह करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप है।

भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता रितेश तिवारी ने हिन्दुस्तान टाइम्स से कहा कि कोई भी प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ-साथ पार्टी भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।