अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राम जन्मभूमि के नाम पर चुनाव लड़ने वाली सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब कृष्ण जन्मभूमि को मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है। यह ऐसे समय में हो रहा है जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कह चुके हैं कि अयोध्या के बाद मथुरा या कोई अन्य मंदिर आरएसएस का मुद्दा नहीं रहेगा।
भाजपा ने अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए मथुरा में दो दिवसीय मंथन सत्र आयोजित किया है। इस दौरान यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कान्हा की नगरी से 'राधे-राधे कमल खिला दे' का उदघोष किया। पार्टी नेता पहले कह चुके हैं कि राम मंदिर की तरह ही श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद वाली जगह पर भव्य कृष्ण मंदिर बनाया जाएगा और इसके लिए कानूनी प्रक्रिया तथा आपसी बातचीत दोनों का सहारा लिया जाएगा।
मथुरा को मुद्दा बनाने के पीछे माना जा रहा है कि भाजपा राम मंदिर में दान में कथित चोरी और हेराफेरी के आरोपों से जुड़ी आलोचना से बचने की कोशिश कर रही है। इसकी तैयारी काफी दिनों से चल रही थी। 29 जून को हाथरस में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा था कि वे कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के आंदोलन का खुलकर समर्थन करें।
सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे अखिलेश यादव ने भाजपा को रोकने के लिए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों को जोड़ने वाले पीडीए का सहारा लिया है। माना जा रहा है कि भाजपा मथुरा में मंदिर निर्माण को हवा देकर अखिलेश को उस पिच पर लाना चाहती है, जहां भगवा पार्टी को बढ़त हासिल है। कृष्ण जन्मभूमि का मामला अखिलेश के लिए इसलिए भी मुश्किलें पैदा कर सकता है क्योंकि मान्यता है कि कृष्ण यदुवंशी थे और अखिलेश यादव इस वर्ग का नेतृत्व करते हैं। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने वाले हैं, जो उनकी पहली यात्रा होगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर वह सच में भगवान कृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनाने के काम में सहयोग देने के लिए तैयार होना चाहिए।
शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर कहा जाता है कि यह मुगल बादशाह औरंगजेब के आदेश पर कृष्ण जन्मभूमि के बगल में एक मंदिर को तोड़कर बनाई गई थी। यह विवाद 13.37 एकड़ जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा है और याचिकाकर्ताओं का दावा है कि यह भगवान श्री कृष्ण विराजमान की है। अदालत ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने का सुझाव दिया है, जबकि आरएसएस ने इस मामले पर आधिकारिक तौर पर खुद को अलग रखा है। 2022 में ज्ञानवापी मस्जिद विवाद के दौरान मोहन भागवत ने सवाल उठाया था कि हर मस्जिद में शिवलिंग क्यों खोजना है और कहा था कि आरएसएस ऐसे मुद्दों पर नया आंदोलन शुरू करने के पक्ष में नहीं है।
