विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी एक-दूसरे को अपनी पिच पर घेरने में जुटी हैं। सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का जवाब देने के लिए भाजपा अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिंदुत्व की पिच पर लाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। मथुरा में हुई भाजपा की योजना बैठक में दिग्गजों ने माना कि अखिलेश को हिंदुत्व की पिच पर लाकर बेहतर चुनावी स्कोर खड़ा किया जा सकता है। अखिलेश के अयोध्या में राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर भाजपा ने उन्हें अब मथुरा आने का राजनीतिक न्योता दे दिया है।

सपा ने विधानसभा चुनाव से पहले पीडीए फॉर्मूले से भाजपा और उसके सहयोगी दलों को घेरने की तैयारी की है। पिछले लोकसभा चुनाव में यह फॉर्मूला भाजपा को बैकफुट पर रखने में सफल रहा, इसलिए सपा इसे धार देती रहेगी। इसका जवाब देने के लिए भाजपा ने योगी मंत्रिमंडल, प्रदेश इकाई से लेकर क्षेत्रीय और जिला संगठन तक पिछड़ों एवं दलितों को पूरी तवज्जो दी है। भाजपा ने कई अवसरों पर सपा और कांग्रेस को सनातन विरोधी कहकर चुनावी धरातल मजबूत किया है।

सपा ने भी हिंदू वोटों को मजबूत करने के लिए गियर बदला है। अयोध्या में पूर्व विधायक पवन पांडेय के यहां आयोजित कथा में अखिलेश यादव के पहुंचने पर संकेत मिला था कि सपा प्रमुख राम मंदिर जा सकते हैं। उनके अयोध्या जाने के बयान को भाजपा ने हवा दी। अखिलेश ने इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कराया है और अब कई धार्मिक आयोजनों में सार्वजनिक रूप से पहुंच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सपा ने पार्टी प्रवक्ताओं को हिंदुत्व के विरोध में न बोलने की हिदायत दी है। अक्टूबर में पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने हिंदू देवी-देवताओं की पूजा न करने की बात कही थी। भाजपा ने इस मुद्दे को भी हवा दी तो सपा ने भाटी के बयान से किनारा कर लिया।

मथुरा में योजना बैठक में आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी का नारा देने के साथ सपा मुखिया को यदुवंशी होने के नाते श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा के लिए आमंत्रित किया। यह भाजपा की सधी हुई रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच इस रणनीति को और धार देने पर चर्चा हुई। भाजपा की रणनीति है कि 1990 में मुलायम सिंह यादव सरकार द्वारा कारसेवकों पर गोली चलाने के मुद्दे पर अखिलेश को लगातार घेरा जाए। वहीं, अखिलेश अयोध्या और अन्य धार्मिक स्थानों के संतों से आशीर्वाद लेने के बहाने ब्राह्मणों का भरोसा जीतने में जुटे हैं, जबकि भाजपा उन पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाकर नैरेटिव की जंग को उकसा रही है।