बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई की सड़कों की सफाई को लेकर बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि शहर में VIP के आने पर ही सड़कें सुधारी जाती हैं और सफाई की जाती है, लेकिन आम मुंबईकरों को यह सुविधा क्यों नहीं मिलती। कोर्ट ने कहा कि खास मेहमानों के आने पर दो दिन सफाई का दिखावा करने के बजाय शहर को हमेशा साफ रखना चाहिए।
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच बढ़ते वायु प्रदूषण और कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड के पास जहरीली गैसों के रिसाव को लेकर सुनवाई कर रही थी। बेंच ने कहा, 'जब खास लोग शहर में होते हैं तो BMC सड़कें साफ-सुथरी कर देता है। ऐसा हमेशा के लिए क्यों नहीं कर दिया जाता? सड़कों के साफ-सुथरे होने का दो दिन का दिखावा करने के बजाय BMC कोई स्थायी व्यवस्था कर सकता है।'
कोर्ट ने यह भी कहा कि इस तरह की सफाई हर जगह और हर समय होनी चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि केवल उन जगहों को बेहतर किया जाए, जहां खास लोग जाएं। मामले में अब 7 दिसंबर को सुनवाई होगी।
दरअसल, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के मुंबई दौरे से पहले शहर की सड़कों की सफाई कराई गई थी। दोनों 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे और 17 नवंबर को अर्थशॉट प्राइज सेरेमनी में शामिल हुए थे। इस दौरान दोनों ने गली क्रिकेट खेला, जबकि प्रिंस विलियम इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते हुए भी नजर आए।
