टाटा ग्रुप में चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर चल रहा विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है और टाटा संस की 30 नवंबर को प्रस्तावित बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से मना कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि इस मीटिंग में लिए जाने वाले सभी फैसले अंतिम अदालती फैसले के अधीन रहेंगे। मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी।

टाटा ट्रस्ट्स ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने या इसे टालने की मांग की थी। ट्रस्ट्स का आरोप है कि 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में चंद्रशेखरन ने अपने कास्टिंग वोट का गलत इस्तेमाल किया और ट्रस्ट्स के प्रतिनिधि निदेशकों के जरूरी समर्थन के बिना कई प्रस्ताव पास कर दिए गए।

विवाद की मुख्य वजह टाटा संस के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन का आर्टिकल 121 है। टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि इस नियम के तहत कुछ खास फैसलों के लिए उसके प्रतिनिधि निदेशकों की मंजूरी जरूरी है और ऐसे मामलों में चेयरमैन कास्टिंग वोट से उनकी असहमति को नजरअंदाज नहीं कर सकते। ट्रस्ट्स के मुताबिक, 17 सितंबर की मीटिंग में कई प्रस्ताव नोएल टाटा की मंजूरी के बिना पास किए गए, जिनमें चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन नियुक्त करने का प्रस्ताव भी शामिल था। ट्रस्ट्स का कहना है कि 30 नवंबर की मीटिंग में इन प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी मिलने से कंपनी में उनके अधिकार कमजोर हो सकते हैं।

सुनवाई के दौरान टाटा संस की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने मीटिंग टालने का विरोध किया और कहा कि आरबीआई के निर्देश के कारण कंपनी को इस मामले में फैसला लेना जरूरी है। आरबीआई ने टाटा संस को लिस्टिंग से जुड़ी शर्तों के पालन पर फैसला बताने के लिए 12 दिसंबर तक का समय दिया है। वहीं, टाटा ट्रस्ट्स की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि टाटा संस आरबीआई के निर्देश का हवाला देकर जल्दबाजी में मीटिंग करना चाहती है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती दी है और क्रमशः 50 करोड़ तथा 15 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है, साथ ही 18 फीसदी सालाना ब्याज देने की भी मांग की है। टाटा ट्रस्ट्स टाटा संस का सबसे बड़ा शेयरधारक है और इसके चेयरमैन नोएल टाटा हैं। टाटा संस ने सितंबर में चंद्रशेखरन को पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से चेयरमैन नियुक्त किया था, जो फरवरी 2027 में शुरू होना है। नोएल टाटा ने इस फैसले का समर्थन नहीं किया था।