पटना में ठंड के साथ बुद्ध मार्ग और हाईकोर्ट मजार परिसर में लगे कश्मीरी व तिब्बती वूलन मेलों में गर्म कपड़ों की नई रेंज आ गई है। यहां महिलाएं शॉल, स्वेटर, कार्डिगन और गर्म सूट तलाश रही हैं, जबकि पुरुष जैकेट, सदरी और स्वेटर खरीद रहे हैं। इस बार खरीदारी में स्टाइल और डिजाइन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। बाजार में पारंपरिक कश्मीरी कढ़ाई के साथ नए प्रिंट और आधुनिक डिजाइन उपलब्ध हैं।

कश्मीर से आए कारोबारी उबैद महिलाओं के लिए ऊनी सूट की नई विविधता लेकर आए हैं। उनके स्टाल पर सेमी पश्मीना और पश्मीना शॉल के साथ कलमकारी, कानी और प्रिंटेड डिजाइन के सूट हैं। उबैद के मुताबिक, अब प्रिंटेड बॉटम और प्लेन शर्ट का नया कॉम्बिनेशन आया है, जिस पर जल्दी रुआं नहीं उठता। ऊनी सूट की शुरुआती कीमत 1000 रुपये है, जबकि डिजाइन और क्वालिटी के हिसाब से यह 2500 से 3000 रुपये तक जाती है।

पिछले 40 वर्षों से कारोबार कर रहे कश्मीरी व्यापारी बशीर अहमद के स्टाल पर बच्चों से लेकर बड़ों तक के ऊनी कपड़ों की पूरी रेंज है। यहां सामान्य शॉल 200 रुपये से शुरू होती है, जबकि खास पश्मीना शॉल 10 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक के प्रीमियम रेंज में मौजूद हैं। बताया जाता है कि असली पश्मीना चीरू नामक विशेष प्रजाति के पशु के महीन रेशों से तैयार किया जाता है।

हाईकोर्ट मजार परिसर के तिब्बती वूलन मेले में तिब्बत की प्रीति के स्टाल पर फैशन के बदलते ट्रेंड की झलक है। उनकी दादी ने यह कारोबार शुरू किया था, फिर मां ने संभाला और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में प्रीति इसे आगे बढ़ा रही हैं। को-आर्ड सेट की शुरुआती कीमत 1410 रुपये है और रेंज 2260 रुपये तक है। तिब्बत से आए कारोबारी तेनजिन के स्टाल पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए गर्म कपड़ों की कई विविधता है।