फैशन डिजाइनर और राजनेता शाइना एनसी ने ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की नाइट आउट की पांच तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में दोनों खुश नजर आ रहे हैं और उनका ट्विन अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। तस्वीरें शेयर करते हुए शाइना ने ऐश्वर्या के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया और एक लंबा पोस्ट भी लिखा।

शाइना ने लिखा कि कुछ दोस्तियों के लिए लगातार संपर्क की जरूरत नहीं होती, उन्हें बस भरोसे की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने 18 साल की उम्र में फैशन डिजाइनर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था, तब ऐश्वर्या राय मिस वर्ल्ड थीं। उनके मुताबिक, 35 साल बाद भी दोनों वहीं से शुरू करते हैं जहां उन्होंने छोड़ा था, और ऐश्वर्या तथा अभिषेक के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

ऐश्वर्या की तारीफ में शाइना ने लिखा कि इसमें कोई दिखावा नहीं है, बस पुराने अपनेपन का एहसास है जो सिर्फ समय बना सकता है। उन्होंने कहा कि पुरानी दोस्ती में जो बात सबसे ज्यादा पसंद है वह है कम्फर्ट। शाइना ने ऐश्वर्या के साथ अपने रिश्ते को बहुत पुराना बताया और कहा कि यह तब से है जब वह खुद एक संघर्षरत डिजाइनर थीं।

बताते चलें कि पिछले कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हाल ही में दोनों मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में भी साथ पहुंचे थे, जहां उन्होंने हाथ पकड़कर एंट्री की और साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। अभिषेक बच्चन जल्द ही फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ दिखाई देंगे। खबरों के मुताबिक, फिल्म में उनका किरदार नेगेटिव होगा और इसमें सुहाना खान तथा दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की रिलीज 24 दिसंबर बताई जा रही है।