2018 सैंडपेपर विवाद में दोषी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ दी है। द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में लिखे अपने कॉलम में बेनक्रॉफ्ट ने उस्मान ख्वाजा का समर्थन किया है। ख्वाजा ने हाल ही में अपनी किताब 'सब्र' में दावा किया था कि सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी टीम को थी। बेनक्रॉफ्ट का कहना है कि साउथ अफ्रीका में गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और उन्हें ही नहीं, बल्कि पूरी टीम को पता था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में बलि का बकरा बनाया गया।

बेनक्रॉफ्ट ने बताया कि 2018 की जांच के दौरान उन्होंने पूरा सच नहीं बताया था और साथी खिलाड़ियों को बचाने के लिए जरूरी बातें छिपाई थीं। उन्होंने लिखा कि उन्हें याद है कि उन्होंने तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श से गेंद की रिवर्स स्विंग को लेकर बात की थी और सभी गेंदबाजों ने फीडबैक दिया था कि गेंद पर उनका काम असरदार हो रहा है या नहीं।

बता दें कि बेनक्रॉफ्ट ही वह खिलाड़ी हैं जो कैमरे पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते पकड़े गए थे। इसके बाद उन पर 9 महीने का बैन लगाया गया था, जबकि स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को 12 महीने के लिए सस्पेंड किया गया था। उस समय इन तीनों के अलावा किसी का नाम जांच में नहीं आया था।

बेनक्रॉफ्ट ने लिखा कि हाल में कप्तान पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उन्होंने अपनी बात रखने का फैसला किया। कमिंस ने इस मामले में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के शामिल होने की बात को झूठा बताया था। बेनक्रॉफ्ट ने कहा कि इससे उन्हें गुस्सा और धोखा महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि उन्होंने सालों तक इस घटना का बोझ उठाया और आखिरकार वह पूरी टीम के लिए बलि का बकरा बन गए।