पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए संघ के कुछ सदस्यों और पूर्व क्रिकेटरों ने मंगलवार की देर शाम शहर के गांधी चौक के पास सचिव प्रणय तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार और कोषाध्यक्ष गणपत कुमार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। विरोध कर रहे सदस्यों का आरोप है कि संघ में लंबे समय से कुछ पदाधिकारियों का वर्चस्व कायम है और पुराने एवं सक्रिय क्रिकेटरों को निर्णय प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है। आरोप है कि पूर्व सचिव विरेंद्र पाठक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुए पद पर बिना अन्य सदस्यों को विश्वास में लिए प्रणय तिवारी को सचिव बना दिया गया, वहीं संयुक्त सचिव श्रीपत कुमार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विरोध कर रहे सदस्यों ने बताया कि करीब 15-16 वर्ष पूर्व अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एवं संघ के अध्यक्ष रहे मयूर पटेल कन्हैया लाल के नेतृत्व में संघ को भंग कर नए सिरे से गठन किया गया था और उस समय विरेंद्र पाठक को सचिव बनाया गया था। सदस्यों के अनुसार वर्ष 2024-25 में विरेंद्र पाठक को झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन में पद मिलने के बाद उन्होंने जिला संघ के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया था।
विवाद में वित्तीय लेन-देन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि 12 नवंबर 2026 को आयोजित संघ की वार्षिक बैठक में नए द्वितीय उपाध्यक्ष प्रसन्ना मिश्रा ने जानकारी दी कि अप्रैल 2026 से संबंधित वित्तीय वर्ष में संघ को करीब 18 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसमें से 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए। विरोध कर रहे सदस्यों का सवाल है कि जब इस दौरान केवल एक से दो क्रिकेट आयोजन ही कराए गए, तो इतनी बड़ी राशि किन मदों में खर्च की गई। उनका दावा है कि बैठक में खर्च का विवरण तो बताया गया, लेकिन बिल-वाउचर और भुगतान से जुड़े दस्तावेज सदस्यों के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए।
संघ में सदस्यता और मतदान के अधिकार को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। विरोध कर रहे पूर्व क्रिकेटरों का आरोप है कि वर्षों से संघ से जुड़े खिलाड़ियों और सदस्यों को केवल नाममात्र का सदस्य बनाकर रखा गया है और उन्हें चुनाव तथा महत्वपूर्ण निर्णयों में भाग लेने का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। 12 नवंबर को हुई वार्षिक बैठक में पुराने सदस्यों से कहा गया कि वे संघ के सदस्य तो हैं, लेकिन किसी भी चुनाव या मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकते। इस फैसले से पुराने क्रिकेटरों की नाराजगी बढ़ गई है।
