शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। 418 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगान टीम जूझती रही, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। इस मैच में अफगानिस्तान के 20 वर्षीय खिलाड़ी नसीर खान मारूफखिल ने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज मारूफखिल ने पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए 44 ओवर में 12 मेडन सहित 7 विकेट झटके। दूसरी पारी में उन्होंने 2 विकेट लिए।

मैच की दूसरी पारी में मारूफखिल ने 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 242 गेंदों का सामना किया और 101 रन बनाए। वह अंत तक नाबाद रहे। इस तरह उन्होंने डेब्यू टेस्ट में 5 विकेट हॉल के साथ शतक लगाने का कारनामा किया।

करीब 149 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है। इससे पहले न्यूजीलैंड के ब्रूस टेलर ने 1965 में भारत के खिलाफ कोलकाता में अपने डेब्यू टेस्ट में पहली पारी में 105 रन बनाए थे और गेंदबाजी में 5 विकेट लिए थे।

दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। दूसरे मैच में जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 339 रन बनाए और अफगानिस्तान को 217 रनों पर रोक दिया। दूसरी पारी में जिम्बाब्वे ने 9 विकेट पर 295 रन बनाकर पारी घोषित की, जिससे अफगानिस्तान को 418 रनों का लक्ष्य मिला। अफगान टीम यह लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और सीरीज हार गई।