गंगा जल को छोटे कीड़ों-मकोड़ों से दूषित होने से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश मत्स्य बीज विकास निगम वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर में चिताला मछलियां छोड़ेगा। रिवर रैचिंग के तहत 19 नवंबर को दोपहर दो बजे वाराणसी के रविदास घाट पर एक लाख मत्स्य बीज गंगा में छोड़े जाएंगे।
कलकत्ता से आए फिंगर साइज के ये मत्स्य बीज भदोही जिले के औराई ब्लाक के विक्रमपुर गांव स्थित मत्स्य विभाग की हैचरी में सुरक्षित रखे गए हैं। गुरुवार को इन्हें निकालकर वाराणसी ले जाया जाएगा। बता दें कि रिवर रैचिंग का कार्यक्रम पहले आठ अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन मत्स्य बीज न आने के कारण स्थगित हो गया था। नौ अक्टूबर को आए मत्स्य बीज को विक्रमपुर हैचरी में रखा गया है।
मूल रूप से भारत, बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान में पाई जाने वाली चिताला मछली गंगा, ब्रह्मपुत्र, सिंधु और महानदी के जलग्रहण क्षेत्रों में मिलती है। यह मीठे पानी में रहना पसंद करती है और भोजन व स्वभाव से मांसाहारी तथा रात्रिचर शिकारी मछली है। यह मुख्य रूप से छोटी मछलियों, झींगों, घोंघों और जलीय कीड़ों को खाती है। मांसाहारी होने के बाद भी यह छोटी मछलियों को तभी खाती है जब उसके लिए कोई अन्य चारा उपलब्ध न हो।
धार्मिक आस्था के केंद्र माने जाने वाले इन जिलों में मछली छोड़ने का उद्देश्य यह है कि यह जलीय कीड़ों-मकोड़ों को खाएगी, जिससे गंगा जल स्वच्छ रहेगा और मछली उत्पादन भी बढ़ेगा। वाराणसी मंडल के उप निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार के अनुसार मत्स्य बीज को 19 नवंबर को विक्रमपुर हैचरी से निकालकर वाराणसी लाया जाएगा और गंगा में छोड़ा जाएगा।
