विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता का दावा है कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है और पार्टी 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएगी।

कानपुर में बातचीत में पवन गुप्ता ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप रही है, चौपाल लगा रही है और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन के जरिए माहौल बनाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरेगी।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, खराब सड़कें, केडीए में भ्रष्टाचार और नगर निगम की बदहाल व्यवस्था से शहर की जनता त्रस्त है। उनका दावा है कि कांग्रेस मजबूत नेतृत्व के साथ 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएगी।

बता दें कि कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की है। पार्टी की ओर से समाजवादी पार्टी से गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।