कांग्रेस ने अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया। इन कमेटियों को चुनाव से पहले उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पार्टी के सीनियर नेता और कोषाध्यक्ष अजय माकन को उत्तर प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इस कमेटी में असलम शेख और बीवी श्रीनिवास सदस्य होंगे। पंजाब की जिम्मेदारी सिरिवेला प्रसाद को सौंपी गई है, जबकि सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य की भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड में पार्टी महासचिव दीपा दासमुंशी की अध्यक्षता वाली कमेटी में अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया को शामिल किया गया है। गोवा में कर्नाटक के मंत्री केजे जॉर्ज के नेतृत्व वाली कमेटी में सतेज डी पाटिल और शफी परंबिल सदस्य होंगे, जबकि मणिपुर में बीएम संदीप को अध्यक्ष बनाया गया है। इस कमेटी में हिबी ईडन और राजेश ठाकुर सदस्य होंगे। इसके अलावा संबंधित राज्यों के प्रभारी एआईसीसी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य प्रभारी महासचिव से जुड़े एआईसीसी सचिव भी इन कमेटियों के पदेन सदस्य होंगे।
स्क्रीनिंग कमेटियों के गठन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी से मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि उनसे मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है और इस दौरान उन्हें उनका मार्गदर्शन मिला। खरगे से मुलाकात को उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया। रावत के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर अपना नजरिया और विचार पार्टी अध्यक्ष के सामने रखे।
इससे पहले 11 नवंबर को हरीश रावत ने साफ किया था कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी में कई अन्य सक्षम नेता हैं और मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला राहुल गांधी और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। रावत ने कहा था कि कांग्रेस का लक्ष्य विधानसभा में 45 विधायकों का आंकड़ा पार करना है और चुनाव के बाद निर्वाचित विधायक और पार्टी नेतृत्व मिलकर मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करेंगे। रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी कर रही है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन तीनों प्रमुख नेताओं की रैलियों का खाका भी तैयार कर लिया है।
