कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' की लॉन्चिंग के दौरान मंच से भाषण देते हुए अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने कैंब्रिज के दिनों का एक पुराना किस्सा सुनाया। राहुल गांधी ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां उनके माता-पिता यानी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे।
राहुल गांधी ने बताया कि जब वह कैंब्रिज में थे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से वार्सिटी रेस्टोरेंट चलने को कहा। उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने कहा कि वह यह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता पहली बार कहां मिले थे। रेस्टोरेंट पहुंचने पर उन्हें याद है कि वहां पीले रंग का दरवाजा था और एक सज्जन खड़े थे, जिन्होंने उनसे पूछा कि वे कितने लोग हैं। राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने कहा कि वे दो लोग हैं, जिसके बाद उन्हें बैठने का इशारा किया गया और मेन्यू दिया गया।
राहुल गांधी के अनुसार, उन्होंने वहां काम करने वाले कर्मचारी से कहा कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे। उन्होंने दावा किया कि उस कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचान लिया और कहा कि उसे वे दोनों याद हैं। राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में रेस्टोरेंट के एक खास पकवान 'चिकन चॉसर' का भी जिक्र किया और मजाकिया लहजे में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्टोरेंट जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
इसी भाषण में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बारे में एक और बात साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा किसी और घर में नहीं देखा कि हर बार खाना खाते समय पापा होते थे और पापा की गोद में मम्मी होती थीं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें लगता था कि यह एक सामान्य बात है, इसलिए जब वे अपने दोस्त के घर जाते थे और वहां ऐसा नहीं होता था, तो वे अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मम्मी उनके पापा की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं।
