कोच्चि में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और एक छात्रा पुलिस कैडेट (एसपीसी) के बीच का एक संक्षिप्त क्षण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। रविवार को चेरानल्लूर के एक उच्च विद्यालय की छात्रा, जिसने एसपीसी की वर्दी पहन रखी थी, मुख्यमंत्री को पौधा भेंट करने के लिए उनके पास पहुंची। सतीशन ने खड़े होकर पौधा स्वीकार किया और उसे अपने बगल में रख लिया।
इसके बाद छात्रा उनके सामने सलामी की मुद्रा में खड़ी रही। सतीशन बैठने ही वाले थे कि उनकी नजर छात्रा पर पड़ी और उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने सलामी का जवाब नहीं दिया है। वे तुरंत खड़े हुए और मुस्कुराते हुए छात्रा की सलामी का अभिवादन किया, जिसके बाद छात्रा वहां से चली गई।
इस कुछ सेकंड के वीडियो को सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। कई यूजर्स ने इसे शिष्टाचार और पारस्परिक सम्मान का क्षण बताया है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता आदर्श हेगड़े ने छात्रा की प्रशंसा की, जो मुख्यमंत्री द्वारा सलामी का जवाब दिए जाने तक सलामी की मुद्रा में खड़ी रही। उन्होंने खड़े होकर मुस्कुराते हुए सलामी का जवाब देने के लिए सतीशन की भी सराहना की और इस व्यवहार को विनम्रता का प्रतीक बताया।
इससे पहले मुख्यमंत्री सतीशन ने ‘एक्स’ पर वायनाड के दो भाइयों की एक भावुक कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि चित्रगिरि स्थित मुट्टम की रहने वाली कल्याणी अम्मा की सेवा रजाक और सुलेमान ने लगभग 50 वर्षों तक सगे बेटों की तरह की और बाद में पूरे स्नेह एवं सम्मान के साथ उनकी अंतिम इच्छा पूरी की। सतीशन ने इसे राज्य के स्थायी मानवीय मूल्यों का हृदयस्पर्शी रूप बताया था।
