दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। पूर्वी दिल्ली के कोटला गांव में पुराने विवाद के चलते 14 साल के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पवन प्रेमचंद के रूप में हुई है, जो 8वीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, पवन और आरोपियों के बीच 4-5 दिन पहले झगड़ा हुआ था और इसी पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, पवन शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद खेलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उस पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर हालत में उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों नाबालिगों से पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जब्त की गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वारदात में कोई और भी शामिल था या नहीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है।
दूसरे मामले में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बेगमपुर में प्रॉपर्टी विवाद के चलते 44 साल की एक महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने अमित (36) और उसकी पत्नी सुमन (36) को गिरफ्तार किया है। अमित पेशे से ड्राइवर है, जबकि उसकी पत्नी हरियाणवी कलाकार है। पुलिस के मुताबिक, महिला और आरोपी पति-पत्नी के बीच पहले से अनबन चल रही थी और प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद था। शुरुआती जांच में इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की आगे जांच कर रही है।
