प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 140वां एपिसोड आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर प्रसारित होगा। इस एपिसोड में पीएम मोदी जनगणना की शुरुआत, सर्दियों में देखभाल और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जैसे विषयों पर अपनी बात रख सकते हैं।
हाल ही में पीएम मोदी ने आईटीआई के बच्चों के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था। उस कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि अगर किसी के पास स्किल है तो कोई AI उसका रोजगार नहीं छीन सकता। माना जा रहा है कि इस बात को वे 'मन की बात' में भी दोहरा सकते हैं। इसके अलावा वे नवंबर में हुए आसियान समिट से जुड़ी कुछ बातें भी साझा कर सकते हैं।
'मन की बात' के पिछले एपिसोड्स में पीएम मोदी अलग-अलग मुद्दों पर बोलते रहे हैं। 139वें एपिसोड में उन्होंने कहा था कि भारत के स्थानीय उत्पादों की वैश्विक मांग बढ़ रही है। बिहार के पूर्णिया का मखाना अब ग्रीस पहुंच रहा है और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव तक पहुंच रही है, जिससे देश के किसानों के लिए दुनिया भर में नए अवसर खुल रहे हैं।
138वें एपिसोड में पीएम ने कहा था कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहा है और आतंकवादी अगर भारत की तरफ आंख उठाकर देखेंगे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। 137वें एपिसोड में उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान को प्रमोट करने की अपील की थी। 136वें एपिसोड में उन्होंने देश के युवाओं की सराहना की थी और कहा था कि साइंस ओलंपियाड दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से हैं। 135वें एपिसोड में पीएम ने कहा था कि भारत समुद्र से लेकर आसमान तक सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से केवल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा खरीदने की अपील की थी, जो स्थानीय कुम्हारों और कलाकारों के हाथों तैयार हुई हो। पीओपी से बनी मूर्तियां न खरीदने की भी उन्होंने अपील की थी।
