केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है, जिसमें लोकसभा की अधिकतम संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। सरकार इसे लोकसभा में पेश करने जा रही है। विधेयक में महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभावी बनाने के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रविधान है। इसमें यह भी प्रस्ताव है कि महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें रोटेशन के आधार पर आवंटित की जाएंगी और इसका तरीका परिसीमन आयोग तय करेगा।
डीएमके, शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट और वाईएसआरसीपी के समर्थन से परिसीमन विधेयकों को बढ़ता समर्थन मिल रहा है। विधेयक में प्रत्येक राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों में 50 फीसदी की एक समान वृद्धि का प्रस्ताव है, जबकि 2051 तक सीटों की संख्या में संशोधन के लिए किसी भी नए परिसीमन पर रोक लगाई गई है। क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों का गठन नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अनुसार, परिसीमन विधेयक, 2026 की जगह परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 लाया जाना है और नए विधेयक का शीर्षक संशोधित किया गया है। इसमें कानून लागू होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा जल्द परिसीमन आयोग गठित करने का प्रविधान है, जबकि पहले आयोग को समय-समय पर गठित करने का प्रविधान था।
विधेयक में जनसंख्या शब्द की परिभाषा हटा दी गई है और 'नवीनतम जनगणना के आंकड़ों' को प्रस्तावित कानून लागू होने की तिथि तक प्रकाशित नवीनतम जनगणना आंकड़ों के रूप में परिभाषित किया गया है। आयोग के कर्तव्यों में बदलाव किया गया है, जिसके अनुसार लोकसभा में सीटों के आवंटन और विधानसभाओं में सीटों की कुल संख्या का पुनर्समायोजन किया जाएगा।
