केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सभी सांसदों से संसद के विशेष सत्र को सुचारू रूप से चलाने की अपील की है। सरकार के अनुसार इस सत्र में बेहद महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी है, हालांकि सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों का ब्योरा बाद में दिया जाएगा।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि चार दिवसीय सत्र में लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी। उन्होंने कहा कि जब सरकार सत्र या विशेष सत्र बुलाती है, तो इसका मतलब है कि देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण विधेयक या कामकाज है।
रिजीजू ने कहा कि हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संसद सुचारू रूप से चले। दुनिया के सबसे बड़े संसदीय लोकतंत्र के रूप में भारत को मिसाल पेश करनी चाहिए और यह सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांसदों को सहमति या असहमति जताने का पूरा अधिकार और स्वतंत्रता है, लेकिन सदन में नियमों और परंपराओं के तहत इसे उचित ढंग से व्यक्त किया जाना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विशेष सत्र के विधायी कार्यों पर सभी दलों से परामर्श किया जाएगा। गौरतलब है कि सरकार ने गुरुवार को संसद की विशेष बैठक की घोषणा की थी। संकेत हैं कि सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है।
