समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के घोषणापत्र के तौर पर देखा जा रहा है। घोषणापत्र में सरकारी भर्तियों, किसानों के भुगतान और रोज़गार से जुड़े कई वादे किए गए हैं। कुछ वादे पहले भी किए गए थे, लेकिन इस बार उनकी समय-सीमा बदली गई है। गन्ना भुगतान के लिए पहले 15 दिन का वादा था, अब 24 घंटे में भुगतान की बात कही गई है। पिछड़ों और दलितों की हिस्सेदारी का मुद्दा अब सरकारी नौकरियों के साथ सरकारी ठेकों तक भी बढ़ाया गया है।
सपा का वादा है कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पद भरने का फ़ैसला लिया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और यूपी पुलिस के ख़ाली पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां करने की बात कही गई है। पार्टी परीक्षाओं के लिए सालाना कैलेंडर बनाना चाहती है, जिसमें एक चरण की भर्ती तीन महीने और दो या तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। काम मिलने तक बेरोज़गार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये देने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा छोटे और मझोले उद्योगों को मदद देकर 2030 तक दो करोड़ रोज़गार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है, और जिन अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में आगे सेवा का मौक़ा नहीं मिलेगा, उन्हें राज्य पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी देने की बात कही गई है।
किसानों से जुड़े वादों में सपा ने एमएसपी को क़ानूनी गारंटी बनाने और दूध को भी इस दायरे में लाने की बात कही है। गन्ने के भुगतान के लिए अलग कोष बनाने का वादा किया गया है। पार्टी ने सरकार बनने के शुरुआती महीनों में सभी किसानों का क़र्ज़ माफ़ करने की बात कही है, हालांकि घोषणापत्र की उपलब्ध प्रति में इसकी समय-सीमा एक जगह तीन महीने और दूसरी जगह 100 दिन बताई गई है। सिंचाई के लिए मुफ़्त बिजली और तीन महीने के भीतर किसानों के बकाया बिजली बिल माफ़ करने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल है।
बीजेपी ने इस घोषणापत्र पर पलटवार किया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 के अपने कार्यकाल में कई वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने इसे 'ढकोसला पत्र' बताया और कहा कि यह जनता को धोखा देने वाला दस्तावेज़ है। वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान के मुताबिक़, घोषणापत्र के हर वादे के पूरा होने की उम्मीद करना ठीक नहीं, लेकिन मतदाता बड़े वादों से पार्टी पर भरोसा करते हैं। राजनीतिक विश्लेषक अमिताभ तिवारी ने बड़े रोज़गार लक्ष्य पर संदेह जताया है, जबकि वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरोन ने अग्निवीरों से जुड़े वादे को सपा के पुराने रुख़ से जोड़कर देखा है।
