निवाड़ी/ओरछा: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के ओरछा पड़ाव पर गुरुवार को धार्मिक आयोजनों और राजनीतिक टिप्पणियों का मिला-जुला माहौल देखने को मिला। रामराजा सरकार की नगरी में जहां पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम हुए, वहीं बिहार की लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने अपने भोजपुरी गीतों के जरिए राजनीतिक मुद्दों पर तंज कसा। उनके गीतों में चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे प्रमुख रहे। इस दौरान दिग्विजय सिंह भी उनके गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में नेहा सिंह राठौर ने व्यंग्यात्मक अंदाज में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'चाय वाले को हमने चुना चौकीदार, चंदा चोर हो गए देखते-देखते।' जनता के वोट से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने तंज कसा और कहा कि साहेब जनता का वोट चुराना माफ करने के काबिल नहीं है। उनकी प्रस्तुति के दौरान मौजूद लोगों की निगाहें मंच पर टिकी रहीं।

नेहा सिंह की प्रस्तुति के बाद दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट और श्रद्धालुओं के चंदे के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग करते हुए कहा कि जिनके नेतृत्व में रामजी की चोरी हुई, उन्हें ट्रस्ट में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर मिलने वाले दान और चढ़ावे में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी की और कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन का हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।

अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने ओरछा के इतिहास और रामराजा सरकार से जुड़ी मान्यताओं का जिक्र किया तथा राजा बुंदेला और महारानी की कथा सुनाई। इस दौरान उनकी पत्नी अमृता सिंह ने महारानी के महल को लेकर उन्हें टोका, जिस पर मंच पर हल्का-फुल्का संवाद हुआ और लोगों ने तालियां बजाईं। यात्रा के दौरान उन्होंने रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की, जबकि बेतवा नदी के कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण, शिव पूजन, कन्या भोज और भंडारे जैसे धार्मिक आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बता दें कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर 2026 को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी और करीब 930 किलोमीटर की यह पदयात्रा अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक प्रस्तावित है। यात्रा में मंदिरों के दान और चढ़ावे में पारदर्शिता तथा चुनाव में वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।