लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से परिसीमन की सरकार की तैयारी पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि बढ़ती आबादी के हिसाब से सांसदों की संख्या बढ़ाना जरूरी है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ और परिसीमन में हेरफेर की आशंका जता रहा है।
राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा मुख्य रूप से 1971 की जनगणना पर आधारित है। तब देश की आबादी करीब 55 करोड़ थी, जो अब लगभग तीन गुना हो चुकी है। कार्नेगी एंडोमेंट के एक शोधपत्र के अनुसार, लोकसभा के एक निर्वाचन क्षेत्र में औसतन करीब 27 लाख लोग रहते हैं। सीटें 50 प्रतिशत बढ़ने पर यह संख्या घटकर लगभग 18 लाख रह सकती है। समर्थकों का तर्क है कि इससे सांसदों पर काम का बोझ घटेगा और वे स्थानीय समस्याओं पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।
1976 में जनसंख्या नियंत्रण में सफल राज्यों को नुकसान से बचाने के लिए सीटों के पुनर्वितरण पर रोक लगाई गई थी, जिसे बाद में आगे बढ़ाया गया। दक्षिणी राज्यों को आशंका है कि आबादी के आधार पर सीटों का बंटवारा होने पर उनका राजनीतिक प्रभाव घट सकता है। सरकार के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ाने और मौजूदा आनुपातिक हिस्से को 2051 तक बनाए रखने की बात है।
विपक्षी दलों को डर है कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखा जा सकता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भाजपा 2029 के चुनाव से पहले अपने फायदे के लिए चुनावी नक्शा बदलना चाहती है, जिसे सरकार ने खारिज किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने समान रूप से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के फार्मूले पर सवाल उठाए हैं। सरकार का तर्क है कि लोकसभा का आकार बढ़ने से महिला आरक्षण लागू करने में मौजूदा सांसदों और नए दावेदारों के बीच टकराव कम होगा, जबकि कांग्रेस का कहना है कि आरक्षण के लिए सीटें बढ़ाना जरूरी नहीं है। विपक्ष का सवाल यह भी है कि 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर इतने बड़े फैसले लेना कितना उचित होगा, जबकि 2027 की जनगणना की प्रक्रिया जारी है।
