पटना: बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और जेडीयू नेता डॉ. अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम कानूनी सलाह लेने के बाद उठाया है और यूनिवर्सिटी प्रशासन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि शनिवार को पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट की बैठक के बाद उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा। डॉ. अशोक चौधरी को नीतीश कुमार का करीबी नेता माना जाता है।
डॉ. अशोक चौधरी ने इसी वर्ष फरवरी में एएन कॉलेज पटना में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक के पद पर योगदान दिया था। मंत्री रहते हुए पद ग्रहण करने के अगले ही दिन वे अवैतनिक अवकाश पर चले गए थे। नियम के मुताबिक प्रोबेशन पीरियड में सहायक प्राध्यापक को अवैतनिक अवकाश की सुविधा नहीं मिलती। मामला पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट के पास आया तो उसने बिहार यूनिवर्सिटी अधिनियम के नियमों का हवाला देते हुए इसे मंजूर करने से इनकार कर दिया और मार्गदर्शन के लिए राजभवन भेज दिया।
राजभवन ने बिहार के महाधिवक्ता से इस मामले में कानूनी राय मांगी थी। इसके बाद उनकी नियुक्ति को लेकर सियासत तेज हो गई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नियुक्ति को गलत बताते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। वहीं रोहिणी आचार्य ने कहा है कि अशोक चौधरी एक नहीं सात पदों पर बने रह सकते हैं। पार्टी के अंदर भी गुटबाजी की खबरें आई थीं और जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार पीके के आरोप लगाने के बाद अशोक चौधरी से जवाब की मांग कर चुके हैं।
माना जा रहा है कि सियासी विवाद और राजनीतिक दबाव की वजह से डॉ. अशोक चौधरी ने इस्तीफा दिया है। विपक्ष के तेवर और आलोचना को देखने के बाद उन्होंने कानूनी राय ली और उसके बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया।
