पटना। जनता दल यू (जदयू) पर लगातार सवाल उठाने और पार्टी विरोधी बयान देने के मामले में आनंद मोहन चर्चा में हैं। पार्टी की ओर से अब तक की गई कार्रवाई और बयानों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या आनंद मोहन के बाद उनके बेटे चेतन आनंद भी निशाने पर आ सकते हैं।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 200 से अधिक सीटें मिलीं, लेकिन मंत्रिपरिषद गठन के समय आनंद मोहन ने खुलकर विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि चेतन आनंद को मंत्री बनाया जाना चाहिए था, जबकि शिवहर की विधायक श्वेता गुप्ता को मंत्री बनाया गया। उन्होंने जदयू को 'थैली की पार्टी' बताया और आरोप लगाया कि पार्टी में पैसे और प्रभाव की राजनीति हो रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ वरिष्ठ जदयू नेताओं ने नीतीश कुमार को 'जिंदा दफन' कर दिया है।

इन बयानों के बाद चर्चा है कि जदयू का शीर्ष नेतृत्व नाराज है और बिहार कारा नियमावली 2023 में संशोधन के प्रति पार्टी का रुख बदलने लगा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया था कि बिहार सरकार कारा नियमावली 2023 संशोधन के पक्ष में अपना पक्ष ठीक से नहीं रख पाई।

इससे पहले मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी विरोधी बयानों पर छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया था और विधायकी रद्द करने को विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या चेतन आनंद को भी उसी तरह निशाने पर लिया जाएगा, जैसे अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को राज्य स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य पद से हटाया गया और बंगला खाली करने को कहा गया था।