देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में 25 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 12,000 आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 3300 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं, भोजन माताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
युवाओं के लिए वन विभाग में 31 दिसंबर, 2028 तक वन आरक्षी पदों की सीधी भर्ती की आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने को अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन पर मुहर लगाई गई। इसके अलावा आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त व सहायक आबकारी आयुक्त के 11 नवीन पदों का सृजन, सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी और कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट एलोपैथिक के पदों के लिए डी फार्मा के अतिरिक्त बी फार्मा को शैक्षिक योग्यता में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हित में सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को मंजूरी दी गई, जिसके तहत पहली बार गिग व प्लेटफार्म वर्कर्स को वैधानिक मान्यता देते हुए लाभ के दायरे में लाया गया है। कामगारों के लिए ग्रेच्युटी, प्रतिष्ठानों में महिला कार्मिकों के लिए मातृत्व हितलाभ व क्रेच सुविधा समेत अन्य प्रावधान किए गए हैं और सामाजिक सुरक्षा कोष भी गठित किया जाएगा।
कैबिनेट ने राजकीय मेडिकल कालेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेशित छात्रों के लिए दुर्गम व पर्वतीय क्षेत्रों में दो साल अनिवार्य राजकीय सेवा का बांड भरना अनिवार्य किया है। वन भूमि पर बसे बापूग्राम (देहरादून), बिंदुखत्ता (नैनीताल) व बग्गा चौवन (ऊधम सिंह नगर) के निवासियों को राहत देने के लिए 4410 हेक्टेयर वन भूमि अनारक्षित करने पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के लिए व्यवस्थित प्रक्रिया बनाने और कार्यदायी संस्थाओं के ठेकेदारों से बढ़ी हुई रायल्टी दरों पर रायल्टी वसूलने पर रोक लगाने पर भी सहमति बनी।
