जयपुर: राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव नतीजे सामने आ गए हैं। इन नतीजों में ग्रामीण राजनीति में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। कई जगह बहुमत के बावजूद सियासी गणित बदल गया, तो कहीं हंगामे, पथराव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच परिणाम घोषित हुए।

चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाई है। वहीं भाजपा, रालोपा, भारत आदिवासी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अहम सीटों पर जीत दर्ज की है।

जारी सूची के अनुसार अजमेर जिले की अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से बीना मेघवंशी (भाजपा), अरायण से गुलाब देवी (कांग्रेस) और बड़ल्या से श्रवण सिंह रावत (भाजपा) विजयी हुए हैं। इसी तरह अलवर जिले की गोविंदगढ़ पंचायत समिति से अंजुम खान (कांग्रेस) और लक्ष्मणगढ़ से दीपिका (भाजपा) ने जीत हासिल की।

बालोतरा जिले की गिरा पंचायत समिति से पनी चौधरी (रालोपा) और बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी पंचायत समिति से प्रमिला कुमारी बामनिया (भारत आदिवासी पार्टी) विजयी घोषित हुईं। वहीं बांसवाड़ा की अर्थूना पंचायत समिति से करुणेश कुमार चरपोटा निर्दलीय जीते। बाड़मेर जिले की बाड़मेर पंचायत समिति से रतन सिंह निर्दलीय और बाड़मेर ग्रामीण से सरोज चौधरी (रालोपा) ने जीत दर्ज की।