चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे समेत कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है और वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने तथा कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। पार्टी छोड़ने वाले नेता विभिन्न वार्डों से बागी प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरने की तैयारी में हैं।

मौलीजागरा में शुक्रवार देर रात अपने समर्थकों की जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया गया, जबकि दूसरी पार्टियों से आए लोगों को प्राथमिकता दी गई। दुबे के साथ पार्टी छोड़ने वालों में भाजपा ओबीसी मोर्चा के आईटी सेल इंचार्ज धीरज कुमार राजभर, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश यादव, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष महेन्द्रनाथ दुबे और पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द दुबे शामिल हैं। पार्टी के पूर्व वरिष्ठ नेता देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।

भाजपा कार्यालय में शहर के विभिन्न वार्डों से आए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 27 की मंडल जी टीम ने विरोधस्वरूप चुनाव से दूरी बनाने का निर्णय लिया है, जहां कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई पार्षद को टिकट दी गई है। वार्ड नंबर 21 से प्रत्याशी के चयन पर भी स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।

पिछले 30 सालों से पार्टी से जुड़े रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर सिंह सुखी ने टिकट वितरण को गलत बताया। सुखी की पत्नी पूनम इस वार्ड से टिकट की दावेदार थीं। टिकट घोषणा के बाद उनके घर पहुंचे पार्टी के नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।