खरगोन के विधायक और पूर्व कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार बिलाली गांव में एक कार्यक्रम में कार छोड़कर बैलगाड़ी पर पहुंचे और खुद बैलों की कमान संभाली। 74 वर्षीय पाटीदार को क्षेत्र में 'धर्मशाला वाले बाबा' के नाम से जाना जाता है।
मौका बिलाली गांव में यादव धर्मशाला के लोकार्पण और राम मंदिर परिसर में टीनशेड निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम का था। बैलगाड़ी हांकते हुए गांव में प्रवेश करने पर ग्रामीणों ने ढोल-ताशों की गूंज और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक ने यादव धर्मशाला का लोकार्पण किया और राम मंदिर में टीनशेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्मशालाएं केवल भवन नहीं, बल्कि समाज की प्रगति, आपसी सहयोग और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक होती हैं। इनके माध्यम से सामाजिक गतिविधियों, पारिवारिक आयोजनों और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध होता है।
पाटीदार की पहचान क्षेत्र में धर्मशालाओं के निर्माण को लेकर भी रही है। विधायक के रूप में अपने तीन कार्यकाल के दौरान वे विभिन्न समाजों की 350 से अधिक धर्मशालाओं का निर्माण विधायक निधि से करा चुके हैं, इसी वजह से उन्हें 'धर्मशाला वाले बाबा' कहा जाता है। किसान परिवार से जुड़े पाटीदार अक्सर घोड़े पर सवार होकर ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यक्रमों में पहुंचते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने बैलगाड़ी को चुना।
