चीन की कार कंपनी बीवाईडी के लग्जरी सब-ब्रैंड डेंजा ने अपनी ऑफ-रोड प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी डेंजा बाओ 5 से एक अनोखा प्रदर्शन किया है। यूनाइटेड किंगडम के सरे स्थित डंसफोल्ड एयरोड्रोम में हुए इस शोकेस में एसयूवी ने करीब 180 टन वजनी बोइंग 747-400 जंबो जेट को खींचा। 3035 किलोग्राम वजनी यह एसयूवी विमान से करीब 59 गुना हल्की है। कंपनी का दावा है कि किसी प्रोडक्शन कार द्वारा दो पहियों पर विमान खींचने का यह दुनिया का पहला कारनामा है।

यह विमान साल 2020 में एक्टिव फ्लाइट सर्विस से रिटायर हुआ था, लेकिन इसके चारों इंजन और पूरा इंटीरियर मौजूद था। BYD UK के सीनियर टेक्नीशियन मार्क गैलिफेंट की ड्राइविंग में एसयूवी ने तीन अलग-अलग रन में कुल 1.6 किलोमीटर की दूरी तय की। पहले रन में चारों पहियों पर, दूसरे में तीन पहियों पर और तीसरे व अंतिम रन में एक तरफ के केवल दो पहियों पर विमान को खींचा गया।

इस कारनामे के लिए बाओ 5 की टॉप अल्टीमेट ट्रिम की स्टैंडर्ड प्रोडक्शन-स्पेसिफिकेशन यूनिट का इस्तेमाल किया गया, जिसके पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया। सुरक्षा और संतुलन के लिए विमान को जोड़ने हेतु कस्टम टोइंग अटैचमेंट बनाया गया और हर एक्सल पर छोटे स्टेबलाइजर्स लगाए गए। टायरों की पकड़ के लिए पैसेंजर सीटें हटाकर तीन-पहिया रन के लिए 2000 किलोग्राम और दो-पहिया रन के लिए 4500 किलोग्राम अतिरिक्त बैलास्ट रखा गया। कंपनी के अनुसार, हर रन के बाद जांच में पावरट्रेन, चेसिस या टायरों पर नुकसान का कोई निशान नहीं मिला।

डेंजा बाओ 5 में डुअल मोड ऑफ-रोड प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम है, जिसमें 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स जुड़ी हैं। यह ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप कुल 544 पीएस पावर और 760 न्यूटन मीटर टॉर्क देता है। कार 4.8 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ती है और इसकी टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटे है। इसमें 31.8 kWh की ब्लेड एलएफपी बैटरी लगी है, जो 100 किलोवॉट डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और लगभग 860 किलोमीटर की जॉइंट रेंज देती है।