देवरिया के भटनी थाने में भाजपा कार्यकर्ता शिवम तिवारी से मारपीट के आरोप में एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। शिवम ने पुलिसकर्मियों पर कमरे में बंद कर बेल्ट, चप्पल और लात-घूंसों से पीटने का आरोप लगाया है और थानाध्यक्ष को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। घटना के बाद रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया थाने पहुंचे और एसपी से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के अनुसार, 16 नवंबर की शाम सल्लहपुर चौराहे पर ट्रैक्टर को लेकर शिवम का बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हुआ था। मौके पर पहुंचे दो सिपाहियों ने बाइक सवारों को भगा दिया और उन्हें थाने ले जाकर लाठी से पीटने की धमकी दी थी। आरोप है कि अगले दिन वह अपने पिता डॉ. त्रिलोकीनाथ तिवारी और चाचा विशंभरनाथ तिवारी के साथ थाने पहुंचे, जहां प्रभारी निरीक्षक से बातचीत के बाद उन्हें चैंबर से बाहर जाकर पुलिसकर्मियों से बात करने को कहा गया।
शिवम का आरोप है कि इसी दौरान दो उपनिरीक्षक और दो सिपाही उन्हें एक कमरे में ले गए और बेल्ट, चप्पल, लात व घूंसों से पिटाई की। शिवम तिवारी पिपरा देवराज निवासी हैं और भाजपा के भटनी मंडल उपाध्यक्ष विशंभरनाथ तिवारी के भतीजे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र समेत अन्य लोग थाना परिसर पहुंचे और पीड़ित पक्ष से जानकारी लेकर कार्रवाई की मांग की।
मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी ने उपनिरीक्षक संतोष यादव और सिपाही आशीष व चंद्रिका सरोज को निलंबित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता ने भी तीनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है।
