देवरिया के सलेमपुर में बुधवार सुबह स्टेशन रोड पर लगे लंबे जाम के कारण एक बीमार व्यक्ति को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और उनकी मौत हो गई। मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी 80 वर्षीय कलाधर मणि त्रिपाठी की तबीयत सुबह अचानक बिगड़ गई थी। हालत गंभीर देख उनके बेटे शंभू मणि त्रिपाठी उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर निकले थे।

गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगी होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और रास्ता पूरी तरह जाम हो गया। पिता की बिगड़ती हालत के बीच शंभू मणि त्रिपाठी वाहन का शीशा उतारकर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन जाम के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह कार जाम से बाहर निकली और अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद कलाधर मणि त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने नगर में जाम और सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण की समस्या को फिर उजागर कर दिया है।

सीओ गौरव सिंह ने कहा कि स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से निजात के लिए कई बार सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक की गई है और बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जाम लग रहा है तो दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत सलेमपुर के ईओ महेंद्र पांडेय ने कहा कि जाम की समस्या से निजात के लिए अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया, जिसके बाद अभियान रोकना पड़ा। अब दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।