वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली की भव्य तैयारी की गई है। दशाश्वमेध घाट 51 हजार दीयों की स्वर्णिम आभा से जगमगाएगा और घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं से सजाया जाएगा। बिजली की झालरों की रंग-बिरंगी रोशनी भी घाट पर अलग छटा बिखेरेगी। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने शनिवार को कार्यालय में बताया कि इस वर्ष देव दीपावली वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रहेगी।
कार्यक्रम में मध्य कमान (लखनऊ) के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्र मुख्य अतिथि होंगे। सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार, ब्रिगेडियर उमेश ए परब और एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। कारगिल विजय की स्मृति में प्रज्वलित कार्तिक मास के 'आकाशदीप' का विधिपूर्वक समापन किया जाएगा। अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर पुष्पचक्र अर्पित कर 39 जीटीसी के जवान 'लास्ट पोस्ट' और 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ शहीदों को सलामी देंगे। शहीद शशिकांत सिंह, सुनील कुमार तथा आरपीएफ कांस्टेबल महताब खान और कोलाहल यादव के परिजनों को 'भगीरथ शौर्य सम्मान' दिया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या में प्रो. रेवती साकलकर की गणपति वंदना और देशभक्ति गीतों के साथ भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा स्वरांजलि देंगे। मुख्य महाआरती में प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पांडेय और आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मण, रिद्धि-सिद्धि के रूप में 42 कन्याएं तथा काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 सदस्य आलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को 'एक संकल्प गंगा किनारे' के तहत मां गंगा की स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे, 250 स्वयंसेवक, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की वाटर एंबुलेंस मुस्तैद रहेंगी।
