विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने कच्ची चीनी के आयात के लिए नई आवेदन विंडो खोल दी है। टैरिफ रेट कोटा (TRQ) योजना के तहत आवंटित नहीं हो पाया और लौटाया गया कुल 2,15,043.859 टन कच्ची चीनी का कोटा अब दोबारा आवंटित किया जाएगा। इच्छुक चीनी मिलें और रिफाइनर 27 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

DGFT के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की अधिसूचना संख्या 31/2026-2027 के तहत कुल 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी गई थी। इसमें से अब तक 8,12,450 टन का आवंटन किया जा चुका है। आवंटित मात्रा में से 27,493.859 टन चीनी आवंटियों ने वापस कर दी है, जबकि 1,87,550 टन का आवंटन अभी नहीं हुआ था। इस तरह कुल 2,15,043.859 टन का कोटा दोबारा आवंटन के लिए उपलब्ध है।

इससे पहले DGFT ने 19 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना संख्या 45/2026-27 के जरिए TRQ योजना के तहत चीनी आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी थी। इसी विस्तार और बचे हुए कोटे को देखते हुए आवेदन की नई विंडो खोली गई है। यह कदम देश में चीनी की सप्लाई बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रण में रखने की दिशा में उठाया गया है।

DGFT के नोटिस के मुताबिक, इस कोटे के लिए केवल वे चीनी मिलें और रिफाइनर आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास आयातित कच्ची चीनी को सफेद या रिफाइंड चीनी में बदलने की अपनी प्रसंस्करण क्षमता है। इच्छुक इकाइयों को DGFT की वेबसाइट पर इंपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के TRQ सेक्शन के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। DGFT ने स्पष्ट किया है कि पात्रता, जरूरी दस्तावेज और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी पहले की शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये शर्तें पब्लिक नोटिस संख्या 27/2026-2027 और 24 अगस्त 2026 के उसके संशोधन के अनुसार ही लागू रहेंगी। यह नोटिस विदेश व्यापार महानिदेशक और भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव लव अग्रवाल की ओर से जारी किया गया है। DGFT ने यह भी कहा है कि विदेश व्यापार नीति और लागू कानूनों के तहत जरूरत पड़ने पर नोटिस के किसी भी प्रावधान में बदलाव, संशोधन, छूट या उसे वापस लेने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।