न्यूयॉर्क के हिक्सविले में बड़े भाई की पिस्तौल से कथित तौर पर गलती से चली गोली लगने से हैदराबाद के 24 वर्षीय छात्र मोहम्मद इब्राहिम अहमद की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यह घटना 14 नवंबर की रात कार के अंदर हुई। आरोपी बड़े भाई 27 वर्षीय मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर गैर-इरादतन हत्या तथा हथियार रखने का आरोप लगाया गया है।

नासाउ काउंटी पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 नवंबर को रात 12:01 बजे हिक्सविले में 459 साउथ ब्रॉडवे के पास 911 पर कॉल मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक कार के अंदर मोहम्मद इब्राहिम अहमद को पाया गया, जिसकी पीठ में गोली लगी थी। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

17 नवंबर को पुलिस विभाग ने एक अपडेट में बताया कि जांच के बाद पता चला है कि कार के अंदर मौजूद दोनों भाइयों में से बड़े भाई 27 वर्षीय मोहम्मद बशीर अहमद की पिस्तौल से गलती से गोली चल गई थी। पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि गोली कैसे चली या हथियार कार के अंदर कैसे पहुंचा।

बशीर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर 'सेकंड-डिग्री मैनस्लॉटर' (गैर-इरादतन हत्या) और 'सेकंड-डिग्री क्रिमिनल पजेशन ऑफ ए वेपन' (अवैध रूप से हथियार रखना) के आरोप लगाए गए हैं। अदालत में पेश किए जाने पर उसने खुद को निर्दोष बताया, जिसके बाद उसे हिरासत में भेज दिया गया। उसे बुधवार को फिर से अदालत में पेश किया जाना था।

इस मामले में फंड जुटाने वाले व्यक्ति ने बताया कि मृतक के माता-पिता, मोहम्मद जहांगीर साहब और अर्जुमन नज़ीर, अमेरिका जाने की योजना बना रहे थे। परिवार और परिचितों से और जानकारी लेने की कोशिशें नाकाम रहीं। जिन लोगों से संपर्क हो सका, उन्होंने बताया कि वे कानूनी कार्यवाही में व्यस्त हैं और परिवार इस त्रासदी से जूझ रहा है।