धनबाद में कांग्रेस नेता राजकुमार महतो उर्फ राम और असलम मंसूरी उर्फ रहीम की हत्या की सुपारी देने और साजिश रचकर फायरिंग कराने के मामले की सुनवाई शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान भाजपा नेता और धनबाद के सांसद ढुलू महतो तथा उनके सहयोगी दिनेश रवानी, सुनील राय और विक्की डोम कोर्ट में पेश हुए। सांसद और अन्य का सफाई बयान दर्ज किया गया और सभी ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया।

प्राथमिकी रामेश्वर तूरी की शिकायत पर 12 अक्टूबर 2022 को केंदुआडीह थाने में तत्कालीन विधायक (अब सांसद) ढुलू महतो, दिनेश रवानी, सुनील राय और विक्की डोम के खिलाफ केंदुआडीह थाना कांड संख्या 132/22 के तहत दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2022 की दोपहर करीब 12 बजे रामेश्वर तूरी गडेरिया नदी से नहाकर लौट रहा था, तभी सरकारी स्कूल के पास 10 से 12 लोग बैठे थे और आपस में बात कर रहे थे कि ढुलू महतो ने राम-रहीम को मारने की सुपारी पांच लाख रुपये में दिनेश रवानी, सुनील राय और विक्की डोम को दी थी। आरोप है कि इन लोगों ने रामेश्वर के भतीजे पर गोली चलाई थी, जिसमें वह जख्मी हो गया।

कांग्रेस नेता राजकुमार महतो उर्फ राम और असलम मंसूरी उर्फ रहीम की जोड़ी कतरास क्षेत्र में मशहूर है। दोनों झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के समर्थक हैं। ढुलू महतो और जलेश्वर महतो राजनीतिक प्रतिद्वंदी हैं।