मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के गर्भ गृह में मां पाटेश्वरी के चरण पखारकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां पाटेश्वरी की आरती उतारी और फूल माला चढ़ाई। इस दौरान देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर महांत मिथलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महांती रवींद्र दास और हनुमानगढ़ी अयोध्या के राजू दास उनके साथ मौजूद रहे। सीएम ने मंदिर परिसर और सूर्यकुंड का निरीक्षण भी किया तथा दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री पारंपरिक रूप से मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को गुड़-दलिया और चारा खिलाकर गोसेवा की। उन्होंने गोसेवकों से गायों का हालचाल भी पूछा। मंदिर परिसर में कुछ बच्चे सीएम के पास पहुंचे, जिनसे उन्होंने स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें चॉकलेट वितरित की। इसके बाद मुख्यमंत्री भवनियापुर हेलीपैड पहुंचे और वाराणसी के लिए उड़ान भरी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरण के बाद दोपहर लगभग ढाई बजे शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे थे। ब्रह्मलीन महांत महेंद्र नाथ योगी के श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में रात विश्राम किया। इससे पूर्व सीएम ने सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, इकौना विधायक राम फेरन पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाध्यक्ष रवि मिश्र और पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू आदि से औपचारिक भेंट की तथा जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया।
सीएम करीब 22 घंटे शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में रहे, इस दौरान तुलसीपुर छावनी में तब्दील नजर आया। आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल भवनियापुर स्थित हेलीपैड से देवीपाटन मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। इस दौरान मंदिर परिसर में आमजन का पूजन-अर्चन सामान्य रहा।
