परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। कांग्रेस की मांग है कि सरकार लोकसभा सीटों की संख्या में बदलाव न करे और मौजूदा स्थिति में ही महिला आरक्षण लागू किया जाए।
संसद सत्र से पहले शनिवार को कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर सांसदों की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे।
परिसीमन को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि पहले एसआईआर के जरिए यह तय किया जाता था कि कौन वोट देगा और कौन नहीं, अब परिसीमन से यह तय करने की कोशिश हो रही है कि कौन कहां वोट देगा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना रखा है। पार्टी ने यह भी कहा कि जो दल एक ही दिन में 140 से ज्यादा सांसदों का निलंबन करवा देता है और मुख्य चुनाव आयुक्त को कानून लाकर लीगल इम्युनिटी देता है, वह सदन को अच्छे से चलाने की मंशा नहीं रखता। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है और परिसीमन के जरिए संख्या बल बढ़ाकर यह काम करना चाहती है।
इस बीच कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने को भी कहा है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।
