लोकसभा में परिसीमन बिल पास कराने के लिए सरकार की राह आसान होती जा रही है। शरद पवार की NCP (SP) और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद शनिवार को एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने भी बिल के समर्थन का ऐलान किया। पार्टी की बैठक के बाद सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़ाकर 59 की जाएं। DMK चाहती है कि सीटें बढ़ने के बाद भी संसद में राज्य की हिस्सेदारी करीब 7.2% बनी रहे।
लोकसभा में DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। इन तीनों दलों के 34 सांसदों के समर्थन से लोकसभा में NDA की संख्या 320 से बढ़कर 354 हो जाएगी। बिल पास कराने के लिए कुल 540 सांसदों में दो तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों के वोटों की जरूरत है। यानी सरकार को अभी 6 और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।
परिसीमन बिल पर चर्चा के लिए INDIA ब्लॉक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक बुलाई है। इसमें DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी बुलाया गया था। AAP और बीजू जनता दल ने अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।
शनिवार सुबह खबर आई थी कि शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी, और इसके बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं। पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस पर बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी में अंदरूनी चर्चा करने के बाद फैसला लेने की बात कही थी।
