कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है और भाजपा पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चीन की तरह हाथ उठाकर बहुमत लेकर लोकतंत्र खत्म करना चाहती है। परिसीमन बिल को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों की शनिवार को सोनिया गांधी के आवास पर बैठक हुई, जिसमें विपक्ष ने बिल का विरोध करने पर सहमति बनाई। राहुल गांधी शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
खड़गे ने कहा कि नए परिसीमन से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन सरकार जो बिल ला रही है उसमें यह प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दागी चुनाव आयोग, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वोटर लिस्ट से हटाया, को परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को अपराधी बताते हुए कहा कि वोट चोरी के मामले में जैसा निर्देश उन्हें मिला, वैसे ही परिसीमन में भी किया जाएगा। खड़गे ने असम और जम्मू-कश्मीर में गलत तरीके से परिसीमन किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 850 सीटें बढ़ने से देश को बड़ा नुकसान होगा और सरकार संविधान बदल सकती है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर कोई इस पहल का विरोध करता है तो सिर्फ महिलाएं ही नहीं, पूरा देश उसे कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इससे बेहतर कोई विधेयक नहीं हो सकता और इसमें हर राज्य तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं सहित हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। इसमें जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान भी है।
INDIA ब्लॉक की यह बैठक करीब एक घंटे चली, जिसमें राहुल गांधी, खड़गे और प्रियंका गांधी मौजूद रहे। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान सदन में मौजूद रहने को कहा है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने को भी कहा है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।
