धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में बुधवार दोपहर बाद केएफसी स्टोर में आग लग गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, मॉल के केएफसी स्टोर में अचानक आग भड़की और देखते ही देखते अंदर और बाहर धुआं फैल गया। आग की सूचना मिलते ही करीब 200 मीटर दूर से अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्टोर के कर्मचारी भी आग बुझाने में जुट गए थे। दमकल कर्मियों ने फायर हाइड्रेंट की मदद से आग पर काबू पाया।

आग से केएफसी स्टोर के भीतर रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। दमकल कर्मियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि लपटें मॉल के अन्य प्रतिष्ठानों तक न पहुंचें, जिससे शेष भवन को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। आग बुझने के बाद भी स्टोर के भीतर धुएं का गुबार बना रहा।

घटना के वक्त मॉल परिसर में सैकड़ों लोग मौजूद थे। इसी परिसर में एक थियेटर भी है, जहां सैकड़ों लोग फिल्म देख रहे थे। दमकल टीम की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है।